India News Haryana (इंडिया न्यूज), Kriparam Punia Passes Away : हरियाणा सरकार में उद्योग मंत्री रहे कृपाराम पुनिया (95) का आज निधन हो गया। उन्होंने पंचकूला में अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार भी पंचकूला में ही किया जाएगा। पुनिया का जन्म 1 जनवरी 1936 को झज्जर के गांव साल्हावास में हुआ था। वह हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी थे।
कृपाराम पुनिया, जिन्हें केआर पुनिया के नाम से भी जाना जाता है, ने हरियाणा में राजनीति और प्रशासनिक सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उन्होंने 1987 से 1989 तक तत्कालीन मुख्यमंत्री देवीलाल की सरकार में उद्योग मंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा की। 1987 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने 50882 वोट हासिल करके जीत दर्ज की थी। वहीं 1989 में ओम प्रकाश चौटाला द्वारा दिए गए भाषण के विरोध में उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।
कृपाराम पुनिया ने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से पीएचडी और रूसी भाषा एवं भूमि प्रबंधन में डिप्लोमा प्राप्त किया। वे भारतीय वायु सेना की चयन समिति में मनोवैज्ञानिक के रूप में भी कार्यरत रहे। बाद में उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) ज्वाइन की और एयर इंडिया के निदेशक मंडल के सदस्य के रूप में भी सेवाएं दीं। 1991 में उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल होकर अपना राजनीतिक करियर आगे बढ़ाया। 2005 में उन्होंने स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में बड़ौदा से चुनाव लड़ा। 2017 में वह बहुजन समाज पार्टी (BSP) में शामिल हुए लेकिन दिसंबर 2018 में पार्टी छोड़ दी।