होम / BJP Meeting Ambala : लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने की है कड़ी मेहनत : बंतो कटारिया

BJP Meeting Ambala : लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने की है कड़ी मेहनत : बंतो कटारिया

• LAST UPDATED : May 29, 2024
  • प्रचंड बहुमत से विजयी होगी बंतो कटारिया : ज्ञानचंद गुप्ता
  • भाजपा के साथ जनता को जोड़ने में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही : गुप्ता
  • – बंतो कटारिया, ज्ञानचंद गुप्ता, दीपक शर्मा और लतिका शर्मा ने 25 मई का मतदान करने के लिए जनता का जताया आभार

India News Haryana (इंडिया न्यूज), BJP Meeting Ambala : लोकसभा चुनाव के नतीजों से पहले भाजपा लगातार बैठकें कर जनता का आभार जता रही है, वहीं कार्यकर्ताओं की भी पीठ भी थपथपा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को पंचकूला स्थित पार्टी कार्यालय पंचकमल में जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा की अध्यक्षता में भाजपा की बैठक हुई। बैठक में भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, जिला प्रभारी प्रमोद कौशिक और पूर्व विधायक लतिका शर्मा ने मतदाताओं का आभार जताया।

इन सभी नेताओं ने कहा कि प्रचंड गर्मी होने के बाजवूद भी लोगों ने 25 मई को मतदान किया जिसके लिए सभी वोटर बधाई के पात्र हैं। बैठक में बंतो कटारिया ने मतदाताओं के साथ-साथ कार्यकर्ताओं का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में कड़ी मेहनत की है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता जनार्दन के आशीर्वाद से अंबाला लोकसभा में बड़े मार्जिन से कमल का फूल 4 जून को खिलने जा रहा है।

BJP Meeting Ambala : बंतो कटारिया रिकार्ड मतों से विजयी होंगी

बैठक के बारे में जानकारी देते हुए प्रदेश मीडिया सह-प्रमुख नवीन गर्ग ने बताया कि मतदाताओं का आभार जताने और चुनाव की समीक्षा के लिए हुई इस बैठक में ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर जनता को मोदी और नायब सरकार की योजनाएं बताईं तथा सरकार की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जनता को भाजपा के प्रति मतदान कराने में कार्यकर्ताओं ने अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मतदाताओं के आशीर्वाद से 10 की 10 लोकसभाओं में कमल खिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंबाला लोकसभा में बंतो कटारिया रिकार्ड मतों से विजयी होंगी और इसका श्रेय जनता के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को जाता है।

कार्यकर्ताओं ने इस प्रचंड गर्मी में घर-घर जाकर मतदान के लिए लोगों को पर्ची दी

नवीन गर्ग ने बताया कि बैठक में गुप्ता ने कहा है कि अंबाला लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा मुख्यमंत्री नायब सैनी और अन्य केंद्रीय नेताओं के कार्यक्रम हुए हैं। कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की वजह से सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए। कार्यकर्ताओं ने इस प्रचंड गर्मी में घर-घर जाकर मतदान के लिए लोगों को पर्ची दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के परिणाम स्वरूप भाजपा को प्रदेश सहित पूरे  देश में विराट जीत मिलने वाली है।

बंतो कटारिया ने मोदी सरकार की तारीफ की

नवीन गर्ग ने बताया कि बैठक में भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया ने मोदी सरकार की तारीफ की। कटारिया ने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा के लिए मतदान किया है। मोदी सरकार ने 10 सालों में हर वर्ग का ख्याल रखा है। किसान, युवा, महिला और गरीब हर तबके के लोगों के लिए योजनाएं बनाकर उनका लाभ घर-घर तक पहुंचाया है। हरियाणा में भाजपा सरकार ने बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को रोजगार देकर उनका दिल जीता है। इस चुनाव में युवाओं ने भाजपा के लिए भारी संख्या में मतदान किया है।

सभी मतदाताओं का आभार जताया

कटारिया ने 25 मई को मतदान करने के लिए सभी मतदाताओं का आभार जताया और कार्यकर्ताओं की भी बैठक में जमकर तारीफ की। जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने दिन रात मेहनत की है। चुनाव के दौरान हुई रैलियों और कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने उत्साह से काम करते हुए इन्हें सफल बनाया है। शर्मा ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान काफी जगहों पर देखा गया कि लोग भी भाजपा के साथ जुड़कर काम करना चाहते हैं।

लोगों ने प्रचार के दौरान आग्रह किया कि संगठन में उन्हें भी जिम्मेदारी दी जाए ताकि वे लोग भी समाज और देश हित में ज्यादा से ज्यादा काम कर सकें। उन्होंने कहा कि 4 जून को जो परिणाम आएगा उसमें भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया प्रचंड बहुमत से विजयी होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि जनता जनार्दन के आशीर्वाद और हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर हरियाणा में 4 जून को 11 कमल खिलने जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें : Martyr Memorial Ambala : शहीद स्मारक में आर्ट वर्क के कार्य को जल्द शुरू कराया जाए, आर्ट वर्क को बेहतरीन तरीके से प्रदर्शित किया जाए : पूर्व गृह मंत्री अनिल विज

यह भी पढ़ें : Fire Brigade Services In Panipat : विनोद धमीजा ने दमकल विभाग की लचर व्यवस्था पर उठाए सवाल, कहा विभाग की नाकामी से आग में खाक हो रहे उद्योग

mail logo

Subscribe to receive the day's headlines from India News straight in your inbox