होम / Hooda Taunts BJP : भाजपा ने 10 साल लठतंत्र चलाया, कांग्रेस लोकतंत्र की सरकार चलाएगी

Hooda Taunts BJP : भाजपा ने 10 साल लठतंत्र चलाया, कांग्रेस लोकतंत्र की सरकार चलाएगी

• LAST UPDATED : October 3, 2024
  • भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पानीपत ग्रामीण कांग्रेस प्रत्याशी सचिन कुंडू के लिए मांगे वोट
  • सचिन को जाने वाला एक-एक वोट भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जाएगा
  • पानीपत इतिहास लिखता है और 5 अक्टूबर को भी यहां से एक इतिहास लिखा जाएगा
  • कौशल कर्मियों को समायोजित करके दिया जाएगा उचित वेतन व जॉब सिक्युरिटी

India News Haryana (इंडिया न्यूज), Hooda Taunts BJP : पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पानीपत की धरती इतिहास रचने का काम करती है और 5 अक्टूबर को भी एक इतिहास लिखा जा रहा है। मैंने पानीपत से ही अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की थी और इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। आज जनसभाओं का समापन भी पानीपत से ही कर रहा हूं। प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार बनाने का पूरा मन बना चुकी है। क्योंकि बीजेपी ने 10 साल हर वर्ग पर लठ बरसाकर प्रदेश में लठतंत्र चलाया था। अब हरियाणा की जनता वोट की चोट से बदला लेगी और कांग्रेस प्रदेश में लोकतंत्र की सरकार बनाएगी।

Hooda Taunts BJP : आज सीधा मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच

हुड्डा सर्कस ग्राउंड में पानीपत ग्रामीण से कांग्रेस प्रत्याशी सचिन कुंडू के समर्थन में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। इस दौरान सोनीपत से सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, युवा नेता दिव्यांशु बुद्धिराजा भी मौजूद रहे। हुड्डा ने कहा कि सचिन कुंडू यूथ कांग्रेस के मजबूत और बहादुर साथी हैं। ऐसे नए युवाओं को जनता को एक मौका जरूर देना चाहिए।

सचिन को गया एक-एक वोट भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जाएगा और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। सचिन रात-दिन आपके हलके की सेवा करेगा। उन्होंने कहा कि साजिश के तहत वोट काटुओं को खड़ा किया गया है। इनसे बचकर रहना और सावधानी से वोट का प्रयोग करना। आज सीधा मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है।

भ्रम, भ्रष्टाचार और बदमाशी फैलाने का काम किया

भाजपा ने हर जगह भ्रम, भ्रष्टाचार और बदमाशी फैलाने का काम किया है। प्रदेश में बदमाशों की वजह से व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं। आए दिन हत्या और फिरौती मांगने की घटनाएं हो रही हैं। उद्योगपति पलायन करने को मजबूर हैं और रोजगार चौपट हो चुका है। प्रदेश में भाजपा के संरक्षण की वजह से नशा तस्करों ने युवाओं की नस-नस में नशा पहुंचा दिया है। कांग्रेस सरकार बनने पर प्रदेश से बदमाशों और नशा तस्करों को जड़ से खत्म किया जाएगा।

कांग्रेस ने ही 20 लाख गरीब बच्चों को देश में सबसे ज्यादा वजीफा दिया था

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 4 लाख गरीब, दलित व पिछड़े परिवारों को घर बनाने के लिए 100-100 गज के मुफ्त प्लाट दिए थे। कांग्रेस ने ही 20 लाख गरीब बच्चों को देश में सबसे ज्यादा वजीफा दिया था। लेकिन भाजपा ने सत्ता में आते ही गरीबों का प्लॉट, मकान व वजीफा सब छीन लिया। लेकिन कांग्रेस ने वादा किया है कि सरकार बनने पर 100-100 गज के प्लाट व दो कमरे का मकान देने की योजना फिर से शुरू की जाएगी।

किसानों को उचित भाव के साथ एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी

साथ ही किसानों को उचित भाव के साथ एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी और जनविरोधी पोर्टलों को बंद किया जाएगा। किसानों को डीजल पर सब्सिडी भी देंगे। इसके अलावा महिलाओं को दो हजार रुपए महीना सम्मान राशि, 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर, 300 यूनिट बिजली मुफ्त, 600 रुपए पेंशन, कर्मचारियों को ओपीएस, मेरिट पर दो लाख पक्की भर्ती की जाएंगी। पिछड़ा वर्ग की क्रीमी लेयर को 6 से बढ़ाकर 10 लाख रुपए किया जाएगा।

आज प्रदेश में मंजूरशुदा दो लाख सरकारी पद खाली पड़े

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने ठेकेदारी प्रथा खत्म की थी और भाजपा खुद ठेकेदार बन गई। कौशल रोजगार निगम चलाकर बिना मेरिट, बिना रिजर्वेशन, बिना पेंशन और मामूली तनख्वाह पर ठेका कर्मी भर्ती कर युवाओं का शोषण किया है। कौशल रोजगार निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बना और यहां परचून की दुकान की तरह नौकरियां बांटी गईं। भाजपा ने इस निगम के जरिये दलितों और पिछड़ों के आरक्षण पर डाका डालने का काम किया। इसी का परिणाम है आज प्रदेश में मंजूरशुदा दो लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं। कांग्रेस इन्हें भर्ती विधान के तहत पूरी पारदर्शिता व मेरिट के साथ भरा जाएगा। साथ ही कौशल कर्मियों को भी समायोजित करके उचित वेतन देने की नीति बनाई जाएगी।

एक गैर राजनीतिक परिवार के बेटे को मौका दिया

कांग्रेस प्रत्याशी सचिन कुंडू ने कहा कि मेरे घर में किसी ने पंच का चुनाव भी नहीं लड़ा है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा ने एक गैर राजनीतिक परिवार के बेटे को मौका दिया है। भाजपा ने तो 10 साल हलके में कोई काम नहीं करवाया, लेकिन मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हलके की सेवा कर आपके भरोसे को कभी टूटने नहीं दूंगा।

Haryana Election: भूपेंद्र हुड्डा ने अशोक तंवर की वापसी का किया स्वागत, लेकिन नाराजगी का सिलसिला बरकरार

Ladwa Assembly : हरियाणा को विकास में अन्य प्रदेशों से कहीं आगे ले जाने में पूरी तरह से सक्षम है सीएम नायब सैनी : सुमन सैनी

mail logo

Subscribe to receive the day's headlines from India News straight in your inbox