होम / PBKS vs MI Match Results : पंजाब किंग्स ने रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस को हराया

PBKS vs MI Match Results : पंजाब किंग्स ने रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस को हराया

• LAST UPDATED : April 23, 2023
  • पंजाब ने आठ विकेट पर 214 रन बनाने के बाद मुंबई को छह विकेट पर 201 रन पर रोक दिया

India News (इंडिया न्यूज़), PBKS vs MI Match Results, मुंबई : कार्यवाहक कप्तान सैम कुरेन की ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी और हरप्रीत भाटिया के साथ पांचवें विकेट के लिए 50 गेंद में 92 रन की साझेदारी के बाद अर्शदीप सिंह (चार ओवर में 29 रन पर चार विकेट)  की शानदार गेंदबाजी के दम पर पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में शनिवार को यहां मुंबई इंडियंस को 13 रन से शिकस्त दी।

मुंबई को आखिरी ओवर में जीत के लिए 16 रन की जरूरत थी लेकिन अर्शदीप सिंह ने लगातार गेंदों पर तिलक वर्मा (तीन) और नेहाल वढेरा (शून्य) को बोल्ड करने के साथ सिर्फ दो रन दिये। उन्होंने इससे पहले इशान किशन (एक रन) और सूर्यकुमार यादव (26 गेंद में 57 रन) का भी विकेट चटकाया। पंजाब ने आठ विकेट पर 214 रन बनाने के बाद मुंबई को छह विकेट पर 201 रन पर रोक दिया।

कुरेन ने 29 गेंद में 55 रन की पारी में पांच चौके और चार छक्के लगाये जबकि भाटिया ने 28 गेंद में 41 रन की पारी के दौरान चार चौके और दो छक्के मारे। जितेश शर्मा ने सात गेंद में चार छक्के जड़ 25 रन बनाये जिससे पंजाब ने आखिरी पांच ओवरों में 96 रन बटोरे। मुंबई इंडियंस के लिए पीयूष चावला सबसे सफल गेंदबाज रहे उन्होंने तीन ओवर में 15 रन देकर दो विकेट लिये। जेसन बेहरनडोर्फ, कैमरून ग्रीन, जोफ्रा आर्चर और अर्जुन तेंदुलकर को भी एक-एक सफलता मिली लेकिन ये सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए कैमरून ग्रीन और सूर्यकुमार की अर्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 36 गेंद में 75 रन की साझेदारी कर मैच के रोमांच को बढ़ा दिया। ग्रीन ने 43 गेंद की पारी में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 67 रन बनाये जबकि सूर्यकुमार ने 26 गेंद में 57 रन की तूफानी पारी में सात चौके और तीन छक्के जड़े।

ग्रीन ने इससे पहले कप्तान रोहित शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 50 गेंद में 76 रन की साझेदारी की। रोहित ने 27 गेंद में 44 रन की पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाये। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को दूसरे ओवर में इशान किशन (चार गेंद में एक रन) के आउट होने से झटका लगा। वह अर्शदीप सिंह का शिकार बने।

क्रीज पर आये ग्रीन ने हरप्रीत बराड़ की गेंद को दर्शकों के पास भेजकर अपना हाथ खोला तो रोहित ने अर्शदीप और फिर कुरेन के खिलाफ छक्के लगाये। पावर प्ले में टीम ने एक विकेट पर 54 रन बनाकर अच्छी शुरुआत करायी। रोहित ने इस बीच नौवें ओवर में राहुल चाहर के खिलाफ गेंदबाज के सिर के ऊपर से दर्शनीय छक्का लगाया। कुरेन ने 10वें ओवर में गेंद लिविंगस्टोन को थमाई और इस गेंदबाज ने चौका खाने के बाद अपनी गेंद में कैच लपक कर रोहित को आउट कर मुंबई को दूसरा झटका दिया।

सूर्यकुमार ने इस गेंदबाज के खिलाफ 12वें ओवर में हैट्रिक चौका जडा़ जिससे टीम का रनों का शतक पूरा किया। ग्रीन ने 15वें ओवर में चाहर के खिलाफ छक्का और फिर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया।  मुंबई ने इस ओवर से 17 रन बटोरे। ग्रीन ने एलिस का स्वागत छक्का और चौका किया लेकिन 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हो गये। सूर्यकुमार ने 17वें ओवर में कुरेन के खिलाफ चौका लगाकर अर्धशतक पूरा किया लेकिन अगले ओवर में अर्शदीप की गेंद पर तायडे को कैच देकर पवेलियन लौट गये।

मुंबई को अब दो ओवर में 31 रन चाहिये थे और टिम डेविड (13 गेंद में नाबाद 25) ने एलिस के खिलाफ छक्का जड़ ओवर से 15 रन बटोरे। अर्शदीप सिंह ने आखिरी ओवर में शानदार यॉर्कर डाल कर मैच का रुख पंजाब की ओर कर दिया।

Tags:

ADVERTISEMENT

लेटेस्ट खबरें

ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
mail logo

Subscribe to receive the day's headlines from India News straight in your inbox