होम / Snowfall in Kashmir : कश्मीर में बेमौसम बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित

Snowfall in Kashmir : कश्मीर में बेमौसम बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित

• LAST UPDATED : May 8, 2023

इशिका ठाकुर, India News, (इंडिया न्यूज), Snowfall in Kashmir, श्रीनगर : कश्मीर के कुछ हिस्सों में बेमौसम बर्फबारी के कारण घाटी में सर्दी जैसी स्थिति लौट आयी है। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि खराब मौसम के कारण पर्यटकों और खानाबदोश लोगों के रास्तों में फंसे होने की कई घटनाएं भी सामने आई हैं। अधिकारियों ने बताया कि घाटी के गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग और काजीगुंद इलाकों में सुबह-सुबह बर्फबारी हुई, जिससे सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं।

बादल फटने या आसमानी बिजली गिरने की आशंका

मौसम विज्ञानियों ने मंगलवार को शाम में बादल फटने या आसमानी बिजली गिरने की आशंका भी जताई है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दिन का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के सामान्य तापमान के मुकाबले लगभग 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।

अधिकारियों के मुताबिक जहां पर्यटक बर्फबारी से सुखद आश्चर्य का अनुभव कर रहे हैं, वहीं खराब मौसम ने स्थानीय लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। बेमौसमी बर्फबारी के कारण कई खानाबदोश लोग और उनके मवेशी फंस गए हैं। कुलगाम जिले के काजीगुंद क्षेत्र के कुरीगाम में एक स्थानीय जलाशय के जल स्तर में अचानक वृद्धि हो जाने के कारण एक द्वीप पर कई जानवर फंस गए, जिसके बाद पुलिस और नगरपालिका के अधिकारियों द्वारा 250 से अधिक भेड़ों को बचाया गया।

खानाबदोश परिवारों को पहुंचाया गया सुरक्षित स्थानों पर

अधिकारियों ने बताया कि कई खानाबदोश परिवारों को जिले के ऊपरी इलाकों में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और बच्चों सहित आठ पर्यटकों के एक समूह को पुलिस ने काजीगुंद में जवाहर सुरंग के पास से बचाया, जब उनका वाहन सुबह सवेरे बर्फबारी के कारण वहां फंस गया था। घाटी के अधिकतर हिस्सों में पिछले 24 घंटों में हुई बारिश और कुछ इलाकों में बर्फबारी की वजह से पारा नीचे चला गया है, जिसके कारण लोगों को अपने सर्दियों के कपड़े फिर से निकालने पड़े।

यह भी पढ़ें : Haryana Weather Forecast : प्रदेश में फिर बने बारिश के आसार

Tags: