होम / Amit Shah Praised Nayab Saini, कहा – एक जिले का नहीं, पूरे हरियाणा का समान विकास करने वाले मुख्यमंत्री हैं नायब सैनी

Amit Shah Praised Nayab Saini, कहा – एक जिले का नहीं, पूरे हरियाणा का समान विकास करने वाले मुख्यमंत्री हैं नायब सैनी

• LAST UPDATED : September 27, 2024
  • लाडवा की जनता को नायब सैनी के रूप में मिला बना बनाया हुआ मुख्यमंत्री
  • लाडवा वालों कमल का बटन दबाओ- नायब सैनी को रिकॉर्ड बहुमत से ज़िताओ
  • हरियाणा की सारी विधानसभा सीटें विधायक चुनेंगे, अकेले लाडवा वाले मुख्यमंत्री को चुनेंगे
  • अमित शाह ने लाडवा विधानसभा क्षेत्र की जनता से सीएम नायब सैनी के पक्ष में की वोटों की अपील

India News Haryana (इंडिया न्यूज), Amit Shah Praised Nayab Saini : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लाडवा में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में उमड़े जनसैलाब से लाडवा से प्रत्याशी नायब सिंह सैनी, शाहाबाद से प्रत्याशी सुभाष कलसाना और थानेसर से प्रत्याशी सुभाष सुधा के लिए प्रचंड बहुमत से जिताने की अपील की। अमित शाह ने कहा कि यह कुरुक्षेत्र वह भूमि है जहां धर्म युद्ध के बीच में दुनिया का सबसे बड़ा तत्व ज्ञान भगवान कृष्ण ने दुनिया को भेंट किया। उन्होने कहा कि लाडवा की जनता को भाजपा ने मुख्यमंत्री के रुप में नायब सिंह सैनी बना बनाया मुख्यमंत्री दिया है। शाह ने कहा कि हरियाणा की सारी विधानसभा सीटों पर जनता विधायक चुनेगी, अकेले लाडवा वाले मुख्यमंत्री को चुनेंगे।

Amit Shah Praised Nayab Saini : भाजपा एक विशेष जाति नहीं, बल्कि 36 बिरादरी का काम करने वाली पार्टी

कांग्रेस को घेरते हुए अमित शाह ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस के शासन में एक मुख्यमंत्री आता था जो एक जिले का प्रचार और एक ही जिले का विकास करता था। इसके बाद जब दूसरा मुख्यमंत्री आता था तो भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी बढ़ती थी। पूरे हरियाणा का विकास करने का काम भारतीय जनता पार्टी ने किया है। भाजपा एक विशेष जाति नहीं, बल्कि 36 बिरादरी का काम करने वाली पार्टी है।  शाह ने कहा कि हरियाणा के बड़े-बड़े नेता और मुख्यमंत्री भी नौकरी देने के करप्शन में 10-10 साल जेल में गए हैं। लेकिन भाजपा ने 10 साल शासन किया किसी को भी खर्ची-पर्ची की जरूरत नहीं पड़ने दी।

शाह ने कहा कि पहले हुड्डा की सरकार में अपॉइंटमेंट लेटर दलाल लेकर आते थे। लेकिन भाजपा सरकार में दलाल और डीलर चले गए, अब डाकिया अपॉइंटमेंट लेटर देकर चला जाता है। हरियाणा में पारदर्शिता लाने का काम भारतीय जनता पार्टी ने किया है। रैली में सीएम नायब सिंह सैनी, सांसद नवीन जिंदल, जिलाध्यक्ष सुशील राणा, पूर्व सांसद राघव लखनपाल, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, थानेसर भाजपा प्रत्याशी सुभाष सुधा, शाहबाद प्रत्याशी सुभाष कलसाना, जवाहर सैनी, अशोक गुर्जर और सुमन सैनी मौजूद रहे।

भाजपा ने हरियाणा के ठेठ ईमानदार और युवा आदमी को मुख्यमंत्री बनाया

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि भाजपा ने हरियाणा के ठेठ ईमानदार और युवा आदमी को मुख्यमंत्री बनाया है जो ईमानदारी के साथ आने वाले दशकों तक हरियाणा का नेतृत्व करने वाला है। श्री शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिर्फ 6 महीने के शासन में वो करके दिखाया है जो कांग्रेस 10 साल में कभी नहीं कर पाई। 1000 किलोमीटर तक गरीबों को रोडवेज में मुफ्त यात्रा कराने का काम किया। 50 हजार पदों की भर्ती की प्रक्रिया चालू की।

एससी, एसटी, ओबीसी समाज की जितनी धर्मशालाएं थी 100 करोड रूपये खर्च करके नया बनाया।  सात हजार दलित परिवारों को 100 गज के प्लॉट दिए। क्रीमी लेयर 6 लाख से 8 लाख का कर दिया। स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान पेंशन 40000 करने का ऐलान किया। पिंजौर में ऐशिया की सबसे बड़ी सेब और अन्य फलों की सबसे बड़ी मंडी बनाई। 10 नई फसलें एमएसपी पर घोषित करी। नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा भारत में पहला ऐसा राज्य बना जो जिसमें 24 फसलें एमएसपी पर खरीदी जाएगी।

राहुल बाबा सुन लो आप तो क्या आपकी तीन पीढ़ियां भी धारा 370 को वापिस नहीं ला सकेगी

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल कहते हैं कि वो 370 को वापिस लाएंगे, तो राहुल बाबा सुन लो आप तो क्या आपकी तीन पीढ़ियां भी धारा 370 को वापिस नहीं ला सकेगी। हुड्डा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अगर हुड्डा सरकार ने फसलों को एमएसपी पर खरीदा हो तो किसानों को इस बारे में बताओ। अन्य राज्यों में चल रही कांग्रेस की राज्य सरकारें कोई फसल एमएसपी पर नहीं खरीदती।

सभी की सभी फसलें खरीदने का काम केवल हरियाणा की भाजपा सरकार करती है। शाह ने कहा कि प्रति व्यक्ति जीएसटी कलेक्शन में हरियाणा नंबर एक नंबर पर है।  देश की आर्थिक व्यवस्था में सबसे अहम योगदान हरियाणा का है। देश भर में अनाज भरने में हरियाणा का दूसरा स्थान है। दूध के उत्पादन में तीसरा नंबर हरियाणा का है। हर घर में सिलेंडर, हर घर में पानी, हर घर शौचालय में सबसे आगे हरियाणा है। हरियाणा में टूरिज्म भी बढ़ा है।

कांग्रेस दलितों और ओबीसी की विरोधी पार्टी

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लाडवा की जनसभा में बुलंद आवाज करते हुए कहा कि अगर हरियाणा प्रदेश में विकास की गति इसी प्रकार बरकरार करनी है तो केवल मोदी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश में बनी नायब सैनी सरकार ही कर सकती है। हरियाणा भाजपा सरकार दलितों, ओबीसी और पिछड़ा वर्ग की हितैषी है, जबकि कांग्रेस दलितों और ओबीसी की विरोधी पार्टी है। कांग्रेस ने हमेशा से ओबीसी, दलितों और पिछड़े वर्ग के साथ अन्याय करने का काम किया है। भाजपा सरकार ने हरियाणा में गरीबों के लिए बहुत काम किए हैं।

ज्योतिसर में महाभारत थीम वाला आध्यात्मिक केंद्र बनाया जाएगा

अमित शाह ने बताया कि भाजपा ने पीपली में संग्रहालय बनाने का निर्णय लिया है। पेहवा से कुरूक्षेत्र तक सड़क बनाई। 1200 करोड़ से 61 किलोमीटर यमुनानगर करनाल रेल मार्ग बनाने का काम, 138 नए राशन डिपो, 27 करोड से लाडवा, कुरुक्षेत्र पिहोवा स्टेट हाइवे का निर्माण, 99 करोड़ से शहाबाद सहकारी चीनी मिल में इथोनॉयल का प्लांट, गुरु रविदास जी का स्मारक भी पीपली में बनाने का काम भाजपा ने किया है। आने वाले दिनों में आधुनिक सूरजमुखी तेल पिरोई की मिल लाडवा में स्थापित की जाएगी। ज्योतिसर में महाभारत थीम वाला आध्यात्मिक केंद्र बनाया जाएगा।

ओलंपिक खेलों के लिए नर्सरी बनाई जाएगी

लाडवा में ही एक विश्वकर्मा महाविद्यालय खोला जाएगा। सिविल अस्पताल में आईसीयू बनाया जाएगा। हर गांव में महिला चौपाल लगाई जाएगी। जिला केंद्रों में वरिष्ठ नागरिकों का सेवा केंद्र बनाया जाएगा। ओलंपिक खेलों के लिए नर्सरी बनाई जाएगी। हर महिला को 2100 रुपए योजना के तहत दिए जाएंगे। आइएमटी खरखौदा की तर्ज पर लाड़वा में ओद्योगिक शहर, 24 फसलों को अगले पांच साल तक एमएसपी पर खरीदेंगे, 2 लाख युवाओं को बिना पर्ची बिना खर्ची नौकरी दी जाएगी। 5 लाख गरीबों का आवास बनाने का काम किया जाएगा। अग्नि वीरों को पक्की नौकरी दी जाएगी।

लाडवा को हमने बना बनाया मुख्यमंत्री दे दिया

जनसभा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री नायब सैनी के लिए वोटों की अपील करते हुए कहा कि हरियाणा प्रदेश के एक बार फिर से सीएम बनने वाले नायब सिंह सैनी को प्रचंड मतों जीत दिलानी है। ताकि आने वाले दशकों तक हरियाणा प्रदेश को एक युवा, कर्मठ और ईमानदार मुख्यमंत्री मिल सके।

अमित शाह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तारीफ में बोलते हुए कहा कि एक गरीब घर में पैदा होकर और गरीबी के सारे दुख भोग कर हर गरीब के दुख को अपना दुख समझने का संकल्प लेकर अगर कोई आता है तो वह नायब सिंह सैनी बन जाता है। जहां पर विधायक जीत कर अपना मुख्यमंत्री चुनते हैं, लेकिन लाडवा को हमने बना बनाया मुख्यमंत्री दे दिया है। इनको लाडवा से प्रचंड मतों विजयी करना है ताकि हरियाणा प्रदेश की कमान इनको सौंपकर आने वाले दशकों तक हरियाणा को विकास के पथ पर आगे ले जाने का काम नायब सिंह सैनी कर सके।

हरियाणा के किसान, जवान और पहलवान सभी धाकड़ : नायब सैनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा की सरदारी और पूरे हरियाणा की ओर से गृहमंत्री अमित शाह स्वागत किया। सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा धाकड़ प्रांत है। हरियाणा में किसान, जवान और पहलवान सभी धाकड़ हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हरियाणा के विकास के लिए 2 करोड़ 80 लाख लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने वाला जो संकल्प पत्र जारी किया है उसे हम संकल्प के साथ पूरा करेंगे। संकल्प पत्र हमारे लिए भगवान का रूप है। मैं हरियाणा के जन -जन को आश्वस्त करता हूं कि जो संकल्प लिया है उसे 8 अक्तूबर को भाजपा की सरकार बनने के बाद इन संकल्पों को धरातल पर उतारना हमारी जिम्मेदारी है।

जनता ने तीसरी बार भाजपा सरकार बनाना तय कर लिया : नवीन जिंदल

कुरुक्षेत्र से सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि इतिहास अपने आप को दोहराता है, क्योंकि हरियाणा के राजनीतिक इतिहास में पिछले 55 साल में वहीं सरकार रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ हरियाणा को विकसित राज्य बनाएंगे।  जिंदल ने कहा कि हरियाणा की जनता ने मन बना लिया है कि केंद्र में जिसकी सरकार है हरियाणा में उसी की सरकार बनेगी।

Shah Roared At Congress : कट, कमीशन और करप्शन से चलती थी कांग्रेस सरकार, डीलर, दलाल और दामाद का था बोलबाला 

Rajasthan CM Targets Congress : कांग्रेस ने हरियाणा में नौकरियों और जमीनों में सिर्फ घोटाले किए

ADVERTISEMENT

लेटेस्ट खबरें

ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
mail logo

Subscribe to receive the day's headlines from India News straight in your inbox