BJP Meeting In Hisar : भाजपा का सभी सीटें जीतना तय, जीत का मार्जिन भी बढ़ेगा : सतीश पूनिया

47
BJP Meeting In Hisar
BJP Meeting In Hisar : भाजपा का सभी सीटें जीतना तय, जीत का मार्जिन भी बढ़ेगा : सतीश पूनिया
  • लोकसभा प्रभारी सतीश पूनिया व संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक
India News (इंडिया न्यूज़), BJP Meeting In Hisar : भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक मार्जिन से जीत दर्ज करने के लिए ताकत झोंक दी है। लोकसभा चुनाव प्रभारी सतीश पूनिया ने शुक्रवार को हिसार में एक बैठक ली और साफ किया कि जन आशीर्वाद और संगठनात्मक शक्ति के कारण भाजपा की सभी सीटों पर जीत तय है, अब सभी कार्यकर्ताओं को जीत का मार्जिन ऐतिहासिक बनाने के लिए और भी कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी पर देश को विश्वास है, इसलिए हरियाणा की सभी 10 सीटें जीतकर तीसरी बार भी मोदी सरकार बनाने का इतिहास बनाएंगे। शुक्रवार को हरियाणा लोकसभा चुनाव प्रभारी सतीश पूनिया व संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा ने पार्टी जिला कार्यालय में विधानसभा प्रभारियों, संयोजकों व मोर्चो के अध्यक्षों की बैठक ली। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने की।

BJP Meeting In Hisar : बूथ स्तर पर अधिक से अधिक मतदान के लिए जनता को प्रेरित करें

बैठक में डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि देशभर में हमारे पक्ष में माहौल है। जहां तक ​हरियाणा की बात है, वे पूरे प्रदेश के हर लोकसभा क्षेत्र में गए हैं। हर लोकसभा क्षेत्र में पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व आम जनता में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के ​प्रति पूरा जोश है। उन्होंने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से कहा कि वे बूथ स्तर पर अधिक से अधिक मतदान के लिए जनता को प्रेरित करें ताकि हमारी जीत ऐतिहासिक हो सके। उन्होंने कहा कि तीसरी बार मोदी सरकार बनाना न केवल हमारा लक्ष्य है, बल्कि संकल्प भी है और इस संकल्प को पूरा करने के लिए हर कार्यकर्ता को दिन-रात एक कर देना चाहिए।

लाभार्थियों से संपर्क करें

प्रदेश संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता गांव-गांव व घर-घर जाकर केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों से जनता को अवगत करवाएं। इसके अलावा लाभार्थियों से संपर्क करें और उनसे बात करके बताएं कि योजनाओं को चालू सुचारू रखने के लिए भाजपा सरकार का होना कितना जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों तथा कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर हम तीसरी बार 400 पार के साथ सरकार बनाने में अवश्य सफल होंगे।

बैठक में ये रहे मौजूद

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, सीकर के सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, प्रदेश मंत्री सुरेन्द्र पूनिया, लोकसभा प्रभारी अमरपाल राणा, लोकसभा संयोजक रवि सैनी, लोकसभा सह संयोजक एडवोकेट धर्मवीर रतेरिया, राजस्थान के विधायक विश्वनाथ, राजस्थान के पूर्व प्रदेश मंत्री ओमजी सारस्वत, जिला महामंत्री अशोक सैनी सहित विधानसभा प्रभारी, संयोजक व मोर्चो के अध्यक्ष मौजूद रहे।