प्रदेश की बड़ी खबरें

Hisar Vijay Sankalp Rally : भाजपा ने कांग्रेस के “बीबीसी उद्योग” को किया बंद : मनोहर लाल

  • विपक्षी गठबंधन को उन्होंने “कहीं की ईंट कहीं का रोड़ा भानमती ने कुनबा जोड़ा” की संज्ञा दी

India News (इंडिया न्यूज़), Hisar Vijay Sankalp Rally : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में बीबीसी के नाम से एक उद्योग स्थापित कर रखा था जिसका अर्थ था बदलियां, भर्ती और सीएलयू उद्योग। इस उद्योग के नाम पर मोटी कमाई की जा रही थी, लेकिन भाजपा ने सत्ता में आने के बाद इस उद्योग को पूरी तरह से बंद कर दिया। पहले शिक्षकों की बदलियां ऑनलाइन की गई और अब हरियाणा के सभी 4 लाख कर्मचारी ऑनलाइन तबादले करवा पाएंगे। भाजपा सरकार ने नौकरियां मेरिट के आधार पर दी और सीएलयू के सिस्टम को पूरी तरह से पारदर्शी बनाने का काम किया। अब किसी भी काम के लिए किसी भी व्यक्ति को एक रुपया भी खर्च नहीं करना पड़ता। मनोहर लाल शुक्रवार को यहां कपास मंडी में हिसार लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रणजीत चौटाला के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

Hisar Vijay Sankalp Rally : कांग्रेस के पास किसी सीट के लिए दावेदार ही नहीं

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास किसी सीट के लिए दावेदार ही नहीं है और अगर कहीं पर दावेदार हैं तो वहां उनके बीच इतनी लड़ाई है कि कांग्रेस अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं कर पा रही है, जिस कारण मैदान अभी तक खाली है। जब तक कांग्रेस अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करेगी तब तक जनता अपना मन बना चुकी होगी और 4 जून को बीजेपी हरियाणा की सभी लोकसभा और करनाल विधानसभा बड़े अंतराल से जीतेगी।

सरकार 14 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही

प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के लिए उठाए जा रहे कदमों का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार 14 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है। पूरे देश में कोई भी राज्य ऐसा नहीं है जो इतनी फसलें खरीद करती हो। किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब की तरफ से किसानों का आंदोलन उठना है साबित करता है कि पंजाब का दिवाला पीटा हुआ है। पंजाब में किसानों की दो फसल ही एमएसपी पर खरीदी जा  रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हरियाणा में जातिवाद की राजनीति को खत्म करने का काम किया है और हरियाणा एक हरियाणवी एक का नारा दिया है। उन्होंने कहा की किसान पहले आढ़ती से पैसे मांगता था, लेकिन सरकार ने इस बात की व्यवस्था की है कि पैसा किसान को न मांगना पड़े। अब फसल का पैसा किसान के खाते में आता है और आढ़ती को जरूरत पड़ने पर किसानों से पैसा लेना पड़ता है।

हम बिजली का प्लांट क्यों लगाएं?

बिजली की स्थिति पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के लोग कई बार सवाल करते हैं कि हरियाणा में कोई नया बिजली प्लांट नहीं लगाया। खुले दिल से उन्होंने माना कि हमने नया प्लांट नहीं लगाया। उन्होंने कहा कि बिजली बनाने पर करीब सात रुपए यूनिट का खर्चा आता है, जबकि हमें ढाई से 3 रुपए यूनिट में बिजली मिल रही है। फिर हम बिजली का प्लांट क्यों लगाएं? उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए हरियाणा में अब दो नए बिजली प्लांट लगाने का काम किया जा रहा है। विपक्ष द्वारा मुफ्त बिजली देने के वायदे पर तंज कसते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोग बिजली देंगे ही नहीं तो ऐसे में फ्री बिजली का क्या फायदा। वर्तमान सरकार हरियाणा में 24 घंटे बिजली दे रही है और बिजली के रेट पिछले साढ़े 9 साल में कभी नहीं बढ़ाए गए। कुछ क्षेत्रों में बिजली के रेट कम किए गए हैं।

कांग्रेस डूबती नाव

विपक्षी गठबंधन को उन्होंने “कहीं की ईंट कहीं का रोड़ा भानमती ने कुनबा जोड़ा” की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी नाव है, जिसमें बहुत से नेता सवार है और उनमें से एक नेता बिल्कुल पीछे बैठकर नाव में सुराख करने में लगा है। जब उसे कहा गया कि वह यह क्यों कर रहा है नाव डूब जाएगी, तो उसने कहा कि मेरी मर्जी। मनोहर लाल ने बिना किसी का नाम लिए कहा  कि वह लोग भी अब डूबती हुई नाव में सवार हो गए हैं। कुछ लोग कीचड़ में पड़े थे,उनको उठाकर कमल के फूल की सवारी कराई, लेकिन उनको सुगंध रास नहीं आई और वे लोग फिर से कीचड़ में डूबती नैया में बैठ गए हैं।

हांसी के व्यापारियों के बीच पहुंचे मनोहर लाल

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल हांसी में व्यापारी संगोष्ठी कार्यक्रम में भी पहुंचे। मनोहर लाल ने क्रांतिकारियों का इतिहास हांसी से जुड़ा होने की बात से अपने संबोधन की शुरूआत करते हुए कहा कि वे अबकी बार मोदी के प्रधानमंत्री के लाइसेंस को रिन्यु करने का काम करें। हिसार लोकसभा से रणजीत चौटाला को जिताने का काम करें। मनोहर लाल ने कहा कि हांसी से अंतर अबकी बार 80 हजार होगा। उन्होंने कहा कि 1990 से उनका यहां पर आना- जाना है और यहां से उनका पुराना जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि पीके चौधरी दबंग विधायक थे। मनोहर ने कहा कि वो 1970 से गरीबी हटाओ का नारा सुनते आ रहे थे। इसी नारे के बलबूते पर कांग्रेस पार्टी सत्ता में आई थी। परंतु भाजपा ने सत्ता में आने के बाद गरीबी हटाने का काम किया। आज दुनिया में मोदी और भारत को एक नाम से पहचाना जाता है। प्रदेश में हरियाणा एक हरियाणवी एक का नारा दिया। जिस समय जीएसटी लागू की गई उस समय व्यापारियों ने विरोध किया था। परंतु अब व्यापार में आसानी हुई है। मनोहर लाल ने कहा कि उनकी सरकार ने सेवन एस सेवन एक्स के फार्मूले पर काम किया था। आज कई बड़े नेता उनकी पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं।

आप के जिला अध्यक्ष भाजपा में शामिल

आम आदमी पार्टी के हांसी जिला अध्यक्ष विक्रांत गोयल भाजपा में शामिल हो गए। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विक्रांत गोयल को पार्टी का पटका पहनाकर उनका पार्टी में स्वागत किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा में नए और पुराने का कोई भेद नहीं है। विक्रांत गोयल को उतना ही सम्मान मिलेगा जितना पुराने कार्यकर्ताओं को मिलता है।
बीरेंद्र को मिलेगा धोखे का फल : सुभाष बराला
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह द्वारा भाजपा छोड़ने को धोखा देना बताया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने बीरेंद्र सिंह को पूरा मान सम्मान दिया। उनकी पत्नी और उनके बेटे को पूरा सम्मान मिला, लेकिन वह भाजपा को धोखा देकर एक बार फिर कांग्रेस में चले गए हैं और आज वह चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। एक वायरल आडियो का जिक्र करते हुए बराला ने कहा कि इस ऑडियो में बीरेंद्र सिंह कह रहे हैं कि सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में पांच विधानसभा क्षेत्र से भूपेंद्र सिंह हुड्डा के विधायक हैं और वह उन्हें हराने का काम करेंगे। सुभाष बराला ने कहा कि हिसार के लोग बीरेंद्र सिंह को भाजपा को धोखा देने का सबक सिखाने को तैयार हैं।
हर जगह एक ही आवाज कोई मुकाबला नहीं : रणजीत
लोकसभा प्रत्याशी रणजीत चौटाला ने कहा कि आज हरियाणा बिजली के मामले में देश में नंबर वन है। उन्होंने कहा कि आज बात नरेंद्र मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाने की है और हर जगह एक ही बात सुनाई देती है कि भाजपा का कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने किसानों के नेता चौधरी चरण सिंह और चौधरी देवीलाल को याद करते हुए कहा कि इन लोगों को कांग्रेस ने कभी मुख्यमंत्री बनाने का काम नहीं किया बल्कि जब यह लोग कांग्रेस छोड़कर चले गए तो उसके बाद चरण सिंह मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बने और देवीलाल भी उसके बाद मुख्यमंत्री और उप प्रधानमंत्री बने। रणजीत चौटाला ने दावा किया कि 2024 में केंद्र और हरियाणा में भाजपा की सरकार बनना तय है। बरवाला की विजय संकल्प रैली में हरियाणा के मंत्री डॉ कमल गुप्ता, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, विधायक विनोद भयाना, भाजपा के प्रदेश महासचिव सुरेंद्र पूनिया,जिला अध्यक्ष आशा खेदड़,श्रीनिवास गोयल, कैप्टेन भूपेंद्र, वेद नारंग, अमरपाल राणा, रणधीर, नरेश जांगड़ा भी मौजूद थे।
Amit Sood

Share
Published by
Amit Sood

Recent Posts

BJP Manifesto 2024 : भाजपा ने संकल्प पत्र के जरिए मास्टर स्ट्रोक लगाया, नॉन स्टॉप 20 बड़े वादे

भाजपा के संकल्प पत्र ने बढ़ाई कांग्रेस की मुश्किलेंं संकल्प पत्र के सामने कांग्रेस की…

6 hours ago

Weather And Agriculture : बारिश ने अगेती धान उत्पादक किसानों की बढ़ाई मुश्किलें

आगामी दो दिन तक मौसम रहेगा परिवर्तनशील : डा. राजेश India News Haryana (इंडिया न्यूज),…

6 hours ago

JP Nadda : 10 साल पहले हरियाणा में जाति को जाति से लड़ाना, भाई भतीजावाद की राजनीति चलती थी : जेपी नड्डा

कांग्रेस के समय खास वर्ग की सरकार होती थी और खास लोगों को नौकरियां मिलती…

7 hours ago