होम / PM Modi Hisar Rally : कांग्रेस के झूठ का गुब्बारा फूटा, हरियाणा में ‘भरोसा दिल से, भाजपा फिर से’ की गूंज : पीएम मोदी

PM Modi Hisar Rally : कांग्रेस के झूठ का गुब्बारा फूटा, हरियाणा में ‘भरोसा दिल से, भाजपा फिर से’ की गूंज : पीएम मोदी

• LAST UPDATED : September 28, 2024
  • कांग्रेस ने हिमाचल को किया बर्बाद, हरियाणा में जनता देगी वोट की चोट से जवाब
  • कांग्रेस के शाही परिवार की सेवा करने वाले भी पूछ रहे हैं, ’हमसे क्या गलती हुई?
  • कांग्रेस में दलितों और पिछड़ों के लिए दरवाजे बिल्कुल बंद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
  • कांग्रेस में बाप-बेटे में सत्ता की होड़, लेकिन हरियाणा के लोग कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने को तैयार

India News Haryana (इंडिया न्यूज), PM Modi Hisar Rally : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को हिसार में विशाल जनसभा में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए भाजपा की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाई और इसके बाद कांग्रेस को निशाने पर रखा। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं हरियाणा के विकास में योगदान देने वाली हर संतान को नमन करता हूँ।

हरियाणा की माताओं बहनों ने म्हारा हरियाणा नॉनस्टॉप हरियाणा का नारा दिया है और आगे भी हरियाणा का विकास नॉनस्टॉप चलता ही रहेगा। हरियाणा की जनता तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के लिए मन बना चुकी है। आज चारों तरफ सुनने को मिल रहा है कि ‘भरोसा दिल से, भाजपा फिर से’। जैसे जैसे वोटिंग की तारीख नजदीक आ रही है कांग्रेस बिल्कुल पस्त पड़ती जा रही है।

PM Modi Hisar Rally : हरियाणा में भी वही हाल होगा जो मध्य प्रदेश में कांग्रेस का हुआ था

कांग्रेस नेता अब कहने लगे हैं कि हरियाणा में भी वही हाल होगा जो मध्य प्रदेश में कांग्रेस का हुआ था। कांग्रेस ने राजस्थान और मध्यप्रदेश में झूठ का गुब्बारा खूब फुलाया, लेकिन जनता ने वोट की चोट देकर उस गुब्बारे की हवा निकाल दी और अब हरियाणा में भी यही होने जा रहा है। रैली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, सांसद धर्मबीर सिंह, राज्यसभा सांसद किरण चौधरी, कुलदीप बिश्नोई, डा. अशोक तंवर, सुनीता दुग्गल, श्रुति चौधरी,  कमल गुप्ता, जेपी दलाल, कृष्ण वेदी, कैप्टन अभिमन्यु सहित अनेक विधानसभाओं के प्रत्याशी मौजूद रहे।

झूठ बोलकर हिमाचल के लोगों को फंसा दिया

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस को देश की सबसे धोखेबाज और बेईमान पार्टी बताया। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश का हाल बिल्कुल बुरा कर दिया। चुनाव के दौरान कांग्रेस ने हिमाचल की जनता से कई झूठे वादे किए थे, लेकिन अब सरकार बनने के बाद कांग्रेस ने अपने वादों से पल्ला झाड लिया है। जनता आज कांग्रेस से पूछ रही है ’‘क्या हुआ तेरा वादा’ ’वहीं कांग्रेस जनता से पूछ रही है ‘तुम कौन’?  मोदी ने कहा कि दिल्ली के शाही परिवार ने झूठ बोलकर हिमाचल के लोगों को फंसा दिया। आज हिमाचल में खुद के कर्मचारियों को वेतन देने के लिए सरकार के पास पैसे नहीं है। जहां कांग्रेस होती है वहाँ कभी भी स्थिरता नहीं आ सकती है, क्योंकि जो पार्टी अपने नेताओं के बीच एकता नहीं ला सकती वह राज्य में स्थिरता क्या लेकर आएगी।

बापू-बेटा बाकियों को निपटाने में लगे हैं, लेकिन जनता कांग्रेस को निपटाने में लगी है : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने के लिए मारामारी मची हुई है। हरियाणा कांग्रेस में तो बापू भी दावेदार है और बेटा भी दावेदार है, दोनों मिलकर बाकियों को निपटाने में लगे हुए हैं और यह सब देखकर हरियाणा के जागरूक नागरिक हरियाणा से कांग्रेस को निपटाने में जुट हैं हुए हैं। कुछ लोग ऐसे हैं, जिन्होंने तन मन धन से दिल्ली के शाही परिवार की सेवा की है, लेकिन अब वे भी पूछ रहे हैं कि उनसे क्या गलती हुई? यहाँ कांग्रेस का हर गुट हर सीट पर एक दूसरे को पटखनी देने में लगा हुआ है।

इस गुटबाजी के चलते कांग्रेस में दलितों और पिछड़ों के लिए दरवाजे बिल्कुल बंद हो गए हैं, क्योंकि कांग्रेस यह जानती है कि दलित उन्हे वोट नहीं देता, इसलिए वह पूरे दलित समाज से नफरत करती है। कांग्रेस के राज में गोहाना में दलितों पर अत्याचार हुआ लेकिन कांग्रेस चुप रही, 2010 में मिर्चपुर कांड हुआ, यहां भी कांग्रेस चुप रही, दलित बेटियों के साथ अत्याचार हुआ, लेकिन कांग्रेस चुप रही और आज कांग्रेस का शाही परिवार कह रहा है कि वे दलितों और पिछड़ों का आरक्षण खत्म कर देंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने दलितों पर जो अत्याचार किया है उसे दलित समाज कभी भी भूल नहीं सकता है।

भाजपा सरकार जनता का सहारा बनकर उनके सपनों को उड़ान भी देती है

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भाजपा सत्ता में सर्वसमाज की भागीदारी सुनिश्चित कर रही है। हमारे मुख्यमंत्री नायब सैनी सभी को साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। हरियाणा में मुख्यमंत्री निवास का नाम कबीर कुटीर रखा गया है। हिसार में बने कबीर छात्रावास का फंड भी बढ़ाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। भाजपा सरकार  जनता का सहारा बन उनके सपनों को उड़ान देती है। जिनको कोई नहीं पूछता मोदी उन्हें पूजता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज मुद्रा योजना से हरियाणा के लाखों लोगों को बिना गारंटी के लोन मिले हैं। मोदी ने रेहड़ी, पटरी, ठेले पर काम करने वाले अपने भाई बहन का भी ख्याल रखा है। कांग्रेस इतना बड़ा स्वार्थी दल है कि उसे वोट के अलावा कुछ नहीं दिखता।

कर्नाटक में क्यों अपनी योजनाएं लागू नहीं की?

कांग्रेस ने किसानों को भी हमेशा वोटबैंक के रूप में ही देखा है, कांग्रेस ने हमेशा किसानों को पानी के लिए तरसाया है, वहीं भाजपा सभी की समस्याओं का समाधान कर रही है। हिसार में आ रही सेम की समस्या का समाधान करने के लिए भी सरकार बनने के बाद प्रयास किया जाएगा। कांग्रेस किसान हित के लिए बड़ी बड़ी बातें करती है, लेकिन आपको भूलना नहीं है कि हुड्डा की सरकार केवल 2 रुपए के मुआवजे वाली सरकार थी। मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार बिना मांगे देश के 10 करोड़ से ज्यादा किसानों को पीएम सम्मान निधि के तहत हर वर्ष 6 हजार रुपए देती है। कांग्रेस जवाब दें कि किसान हित की बड़ी बड़ी बातें करने वाली कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में क्यों अपनी योजनाएं लागू नहीं की?

कांग्रेस के दलाल और दामाद के कारनामों का कच्चा चिट्ठा उजागर करने का बीड़ा जनता ने उठाया लिया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सैंकड़ों किसान आत्महत्या कर चुके हैं और सच्चाई यही है कि कांग्रेस देश के किसानों की जान की दुश्मन है। कांग्रेस ने एमएसपी पर भी जनता के बीच भ्रम फैलाया है, लेकिन सच्चाई यह है कि भाजपा ने सभी 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने का निर्णय लिया है जबकि कांग्रेस शासित राज्यों में 1-2 फसलें एमएसपी पर खरीदी जाती हैं। इसलिए हरियाणा की जनता का भरोसा केवल भाजपा पर ही है। बीते एक दशक में भाजपा ने यहां विकास को नई गति दी है। चारों तरफ चौड़ी सड़कों का जाल बिछाया गया है, 5 वंदे भारत ट्रेन हरियाणा से चलती हैं, हिसार से रोहतक जाने के लिए हांसी-हिसार-रोहतक रेल लाइन शुरू कर दी गई है।

कांग्रेस के राज में केवल दलालों और दामाद का ही बोल बाला था

हिसार में एयरपोर्ट बनने से यहां नए उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और तीसरी बार भाजपा सरकार बनने के बाद इसका कमर्शियल काम काज भी शुरू हो जाएगा। अब किसान की उपज कम से कम समय में विदेश तक निर्यात करना संभव हो सकेगा। कांग्रेस ने युवा पीढ़ी के साथ भी दोहरा बर्ताव किया है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के राज में खर्ची-पर्ची से ही सरकारी नौकरी मिलती थी तथा रिश्वत देने के लिए गरीब को खेत तक बेचने पड़ते थे, वहीं भाजपा ने बिना खर्ची पर्ची के नौकरियां दी हैं और यही बात आज कांग्रेस को अखर रही है।

कांग्रेस की भर्ती रोको गैंग ने युवाओं की भर्ती पर रोक लगा दिया। इस चुनाव में कांग्रेस की भर्ती रोको गैंग को मुंह तोड़ जवाब देने का समय आ गया है। कांग्रेस केवल लूट खसोट ही नहीं करती बल्कि निर्लज्जता से उसका बचाव भी करती है। कांग्रेस के राज में केवल दलालों और दामाद का ही बोल बाला था। लेकिन अब जनता खुद कांग्रेस का कच्चा चिट्ठा बाहर निकाल रही है।

देश विरोधी कांग्रेस ने निर्लज्जता से सेना से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने का दुस्साहस किया था

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज के दिन 28 सितंबर को हमने सर्जिकल स्ट्राइक की थी और भारत ने आतंक के आकाओं को बता दिया था कि भारत अब घर में घुसकर मारता है। वहीं कांग्रेस ने निर्लज्जता से सेना से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने का दुस्साहस किया था। कांग्रेस ने हमारे सेनाध्यक्ष को गली का गुंडा कहा था, सेना के सच की जगह दुश्मनों के झूठ पर विश्वास किया था।

ऐसी कांग्रेस को हरियाणा की जनता पसंद नहीं करती है। मैंने रेवाड़ी की धरती से सभी वीर जवानों को गारंटी दी थी कि प्रधानमंत्री बनते ही एक रैंक एक पेंशन लागू किया जाएगा और अभी तक हमारी सरकार 1 लाख 20 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा पूर्व फौजियों को दे चुकी है। वन रैंक वन पेंशन उदाहरण है कि कांग्रेस कभी फौजियों का भला नहीं सोच सकती थी।

भारत में आज सबसे बड़ा सांप्रदायिक दल अगर कोई है तो वह कांग्रेस पार्टी है

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में आज सबसे बड़ा सांप्रदायिक दल अगर कोई है तो वह कांग्रेस पार्टी है और इसकी सजा हरियाणा भी भुगत रहा है। कांग्रेस तुष्टीकरण के लिए ऐसी मानसिकता को बढ़ावा दे रही है जिससे हमारी बहन बेटियों पर हमले हो रहे हैं।

कांग्रेस के विधायक धमकी दे रहे हैं कि अगर कांग्रेस जीतती है तो लोगों को अपना घर छोड़ना होगा। कांग्रेस को अभी सत्ता तो मिली नहीं है और आलम यह है कि जनता पर जुल्म करने की बात अभी से करने लग गए हैं। ऐसे लोगों को सत्ता नहीं मिले इसलिए हरियाणा की जनता से अपील है कि आगामी 5 अक्टूबर को बड़ी से बड़ी संख्या में अपना वोट देकर भाजपा को विजयी बनाए और प्रदेश में तीसरी बार कमल का फूल खिलाएं।

Deepender Hooda : कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के 4 शहरों को मेट्रो से जोड़ा था, भाजपा के राज में मेट्रो का एक नया खंबा आगे नहीं बढ़ा 

Bhupinder Singh Hooda का बड़ा ऐलान : आने वाली कांग्रेस सरकार में होगी पानीपत की बड़ी हिस्सेदारी 

ADVERTISEMENT

लेटेस्ट खबरें

ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
mail logo

Subscribe to receive the day's headlines from India News straight in your inbox