Rewari Dharuhera Factory Accident : धारूहेड़ा हादसे के मृतकों के परिजनों को दी जाएगी 5 लाख की आर्थिक सहायता, सीएम सैनी ने की घोषणा

127
Rewari Dharuhera Factory Accident
धारूहेड़ा हादसे के मृतकों के परिजनों को दी जाएगी 5 लाख की आर्थिक सहायता, सीएम सैनी ने की घोषणा

India News (इंडिया न्यूज), Rewari Dharuhera Factory Accident, चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पीजीआई रोहतक पहुंचकर रेवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र धारूहेड़ा की एक फैक्टरी में बायलर फटने से हुए हादसे में घायल लोगों तथा उनके परिजनों से मुलाकात की। नायब सैनी ने पीजीआई में इलाज करा रहे घायल लोगों का हाल-चाल जाना और सभी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने परिजनों को आश्वासन दिया कि सरकार घायलों की हर संभव मदद करेगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर भी मौजूद रहे।

75% से अधिक झुलसे श्रमिकों को 2 लाख की सहायता

मुख्यमंत्री ने घायलों के परिजनों से मिलने के बाद घोषणा करते हुए कहा कि धारूहेड़ा में हुए दुखद फैक्टरी हादसे में हर मृतक के परिजनों को श्रमिक कल्याण बोर्ड योजना के तहत 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। 75 प्रतिशत से अधिक झुलसे हुए श्रमिकों को इलाज के लिए 2 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। 50 से 75 प्रतिशत तक झुलसे श्रमिकों को 1 लाख रुपए और 50 प्रतिशत तक झुलसे श्रमिकों के इलाज के लिए 50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की।

धारूहेड़ा की घटना दुर्भाग्यपूर्ण : नायब सैनी

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि धारूहेड़ा की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार घायलों और उनके परिवार वालों के साथ है। घायलों के उपचार में कोई कमी न रहे इसके लिए जरूरी दिशा-निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। जांच की रिपोर्ट आने के बाद सरकार उचित कार्रवाई करेगी।

वहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी रोहतक में ही पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के बड़े भाई सुंदर दास ग्रोवर के निधन पर शोक जताने उनके निवास स्थान पर भी पहुंचे। वहीं गायक अमित सैनी रोहतकिया के 9 वर्षीय बेटे की दुर्घटना में हुई मौत पर भी उन्होंने गहरा शोक व्यक्त किया और परिजनों को सांत्वना देने उनके घर गए। नायब सैनी ने इस दुखद मौके पर गायक अमित सैनी के परिवार को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और शोक संतृप्त परिवारों को यह वियोग सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

यह भी पढ़ें : Manohar Lal Z+ Security : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को Z+ सिक्योरिटी

यह भी पढ़ें : Abhay Chautala Y+ Security : अभय सिंह चौटाला को मिलेगी Y+ श्रेणी की सुरक्षा

यह भी पढ़ें : Former Deputy CM Dushyant Chautala : सीएम साहब! हरियाणा भ्रमण से ज्यादा जरूरी है कि आप चंडीगढ़ बैठिए और किसानों के हित में फसल खरीद का निर्णय लें : दुष्यंत