India News Haryana (इंडिया न्यूज),Haryana Goverment: ट्रांसजेंडर लोगों के साथ पूरे भारत में कहीं न कहीं अन्याय होता आया है। समाज उन्हें एक अलग ही नजरिए से देखते है जो काफी गलत है। इतना ही नहीं समाज में उनका उड़ाया जाता है साथ ही अधिकारों से वंचित भी रखा जाता है। अब इसी के चलते हरियाणा सरकार ने ट्रांसजेंडर लोगों के लिए भी बड़ा कदम उठाया है। दरअसल, हरियाणा में पहली बार ट्रांसजेंडर लोगों के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार ने बोर्ड का गठन कर दिया है। जी हाँ अब उनके अधिकार उनसे कोई नहीं छीन सकेगा साथ ही साथ उन्हें भी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
प्रदेश के मुख्य सचिव ट्रांसजेंडर वेलफेयर बोर्ड के प्रधान होंगे, जबकि पुलिस महानिदेशक सहित 10 विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव और प्रधान सचिव स्तर के अधिकारी इसमें शामिल किए गए हैं। सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति कल्याण एवं पिछड़ा वर्ग और अंत्योदय (सेवा) विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी अनुपमा ने ट्रांसजेंडर वेलफेयर बोर्ड के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है।
ट्रांसजेंडर लाेगों के हितों के अधिकारों की रक्षा, सरकारी योजनाओं में समुचित भागीदारी, स्वास्थ्य, आवास, शिक्षा, कौशल विकास सहित कानूनी और सभी आवश्यक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना बोर्ड की जिम्मेदारी होगी। साथ ही यह बोर्ड घर, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थानों पर ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के साथ भेदभाव न करना सुनिश्चित करेगा। सभी जिलों में अपीलीय प्राधिकारी नामित करते हुए ट्रांसजेंडर की सुरक्षा, पुनर्वास, कल्याण एवं मुख्यधारा में लाने हेतु राज्य स्तरीय नीति का निर्माण, ट्रांसजेंडर के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं की निगरानी भी बोर्ड की जिम्मेदारी होगी। वहीँ ये लोग बोर्ड के सदस्य होंगे। ट्रांसजेंडर लोगों से जुड़े विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव या प्रधान सचिव या फिर सचिव इस बोर्ड में सदस्य सचिव होंगे।