India News Haryana (इंडिया न्यूज), International Saraswati Festival : हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव के कारण पिहोवा को विश्व में एक नई पहचान मिलेगी। इस प्रकार के महोत्सव से देश विदेश से पर्यटक पहुंचेंगे और पिहोवा आर्थिक दृष्टि से भी मजबूत होगा। सुमन सैनी शुक्रवार को देर सायं पिहोवा सरस्वती तीर्थ पर हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड की तरफ से आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव के कार्यक्रम में संबोधित कर रही थी।
इससे पहले हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी, बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच, भाजपा के जिला अध्यक्ष सुशील राणा, जिला परिषद की अध्यक्ष कंवलजीत कौर, एसडीएम अमन कुमार ने अंतर्राष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव के सरस मेले का अवलोकन किया। इस सरस मेले में उपाध्यक्षा ने गोहाना की जलेबी का स्वाद चखा, इसके साथ ही सरस मेले में गोलगप्पे का भी स्वाद लिया। इसके अलावा उपाध्यक्ष ने हरियाणा पवेलियन का निरीक्षण किया और यहां पर विश्वविद्यालय के कर्मचारी हरिकेश पोपसा ने आन-बान-शान के प्रतीक पगडी पहनाकर उपाध्यक्ष सुमन सैनी का सम्मान किया।
उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने सरस मेले व हरियाणा पवेलियन को देखने के बाद रोजाना होने वाली आरती में भाग लिया। यहां पर मंत्रोच्चारण के बीच उपाध्यक्षा ने आरती कर प्रदेशवासियों के सुख और उन्नति के लिए प्रार्थना भी की है। इसके उपरांत उपाध्यक्षा ने मुख्य मंच की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव जैसे कार्यक्रमों के आयोजन के पीछे सरकार का लक्ष्य रहता है कि लोग खासकर युवा वर्ग देश की संस्कृति और विरासत से रू-ब-रू होने के लिए पहुंचे। सरकार ने हमेशा संस्कृति को बढ़ावा देने और मजबूत करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने सरस्वती नदी को लेकर बहुत सारी बड़ी परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम किया है। यह सरस्वती तीर्थ देश की आस्था का केन्द्र है। इस आस्था के केंद्र को विकसित करने का संकल्प प्रदेश सरकार ने किया है। इसी संकल्प को पूरा करने के लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से आम नागरिक को जुडना चाहिए। इस प्रकार के कार्यक्रमों से युवा पीढ़ी को देश की संस्कृति, सभ्यता और ज्ञान से रूबरू होने का अवसर मिलता है।
इस अवसर पर भाजपा नेता जयभगवान शर्मा (डीडी),जिला भाजपा अध्यक्ष सुशील राणा, जिला उपाध्यक्ष अनु माल्यान,जिला परिषद अध्यक्षा कंवलजीत कौर, नगरपालिका अध्यक्ष आशीष चक्रपाणि,मंडल अध्यक्ष प्रिंस मंगला, सुखबीर सिंह, प्रदीप शर्मा,बाबू राम,अक्षय नन्दा, एडवोकेट मोहित शर्मा, अनाज मंडी प्रधान नवीन गर्ग, राजेंद्र बाखली, रामकिशन दुआ, लाडी पाल व हरिओम अग्रवाल सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।