होम / हरियाणा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : योग दिवस को बनाएं निरोग दिवस : मुख्यमंत्री

हरियाणा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : योग दिवस को बनाएं निरोग दिवस : मुख्यमंत्री

• LAST UPDATED : June 21, 2022

इंडिया न्यूज, Haryana News (International Yoga Day): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि युवाओं को योग दिवस पर नशे से दूर रहने का संकल्प लेना चाहिए। इसके लिए अधिक से अधिक मेडिसन वाले पौधे लगाएं और उनका नशे से निजात पाने में उपयोग करें, ताकि योग दिवस को निरोग दिवस के रूप में भी मनाया जा सके।
मुख्यमंत्री स्थानीय भीम स्टेडियम में आयोजित 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय योग समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि नशे का प्रचलन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, जो समाज के लिए घातक ही नहीं, बल्कि नासूर बनता जा रहा है। इसलिए युवाओं को योग दिवस पर नशे से दूर रहने का प्रण लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को एक पौधा लगाकर धरती को भी हरा-भरा बनाने में अहम योगदान देना चाहिए। पौधे लगाकर उनकी लगातार 3 साल तक सुरक्षा भी करना अनिवार्य है, इससे पर्यावरण भी शुद्ध होगा और लोगों को स्वच्छ वातावरण भी उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विश्व योग दिवस के पावन अवसर पर प्रत्येक नागरिक को प्रतिदिन योग करने का संकल्प लेना चाहिए। योग से मनुष्य का शरीर पूर्ण रूप से स्वस्थ रहता है और वह दीघार्यु होता है। उन्होंने कहा कि योग को आगे बढ़ाने के लिए पहली से 12वी तक स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा, ताकि विद्यार्थी इसे आसानी से अपना कर लाभान्वित हो सकें। इसके साथ ही योग शिक्षक एवं स्वयंसेवक तैयार हो सकेंगे। कॉलेज स्तर पर युवा आयुष की डिग्री भी ले सकेंगे। इसके लिए झज्जर के गांव देवरखाना में स्नातकोत्तर योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं अनुसंधान संस्थान स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा पंचकूला में आयुष का एम्स भी बनाया जा रहा है, जिसका भवन शीघ्र ही बनकर तैयार हो जाएगा।

अच्छे स्वास्थ्य के लिए योग जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि मनुष्य को अगर स्वस्थ रहना है तो जीवन में योग अवश्य अपनाना होगा। उन्होंने स्वयं लगातार दो घंटे तक योग क्रियाएं कीं और लोगों को योग के प्रति प्रोत्साहित किया। योग से शरीर स्वस्थ ही नहीं रहता, बल्कि कई बीमारियों से भी निजात पाई जा सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग को अपनाते हैं तो बीमारियों से मुक्ति मिलेगी और स्वास्थ्य विभाग का खर्च भी बचेगा, जिसे अन्य कार्यों पर खर्च किया जा सकेगा। इसके लिए सरकार की ओर से 1000 योगशालाएं एवं व्यायाम शालाएं खोली जा रही हैं। उन्होंने कहा कि योग दिवस को निरोग दिवस के रूप में मनाएं और योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

यह भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2022: योग पार्ट ऑफ लाइफ नहीं, वे ऑफ लाइफ बन गया : मोदी

Connect With Us : Twitter Facebook

Tags:

mail logo

Subscribe to receive the day's headlines from India News straight in your inbox