India News Haryana (इंडिया न्यूज), Yamuna Water Row : दिल्ली के सियासी संग्राम में बयानबाजी का दौर जारी है। इसी बीच केजरीवाल के एक बयान ने तूल पकड़ लिया है। केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला कर दिया है, इसे लेकर अब हरियाणा सरकार की ओर से केजरीवाल के खिलाफ मामला दर्ज करवाया जाएगा। हालांकि सोनीपत प्रशासन ने सोनीपत सीजेएम नेहा गोयल कोर्ट में शिकायत दायर की।
हरियाणा में सोनीपत की अदालत ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को 17 फरवरी को तलब किया है। यह समन उनके हालिया बयान के संबंध में जारी किया गया है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि हरियाणा सरकार भाजपा के नेतृत्व में यमुना के पानी में जहर मिलाकर दिल्ली भेज रही है। केजरीवाल ने दावा किया था कि यदि दिल्लीवासी यह पानी पी लेंगे, तो कई लोगों की जान जा सकती है।
सोनीपत के राई से सिंचाई विभाग के अधिकारी आशीष कौशिक ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दायर की। शिकायत में अरविंद केजरीवाल को नोटिस जारी करने की मांग की गई, इस मामले की सुनवाई 17 फरवरी होगी। इससे पहले हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का कहना है कि अरविंद केजरीवाल ने राजनीति के लिए यमुना में जहर मिलाने का जो आरोप लगाया है उसको लेकर हरियाणा सरकार द्वारा उन पर मुकदमा दर्ज करवाया।
उन्होंने कहा कि सोनीपत में CJM की कोर्ट में डिजास्टर मैनेजमेंट की धारा 2D, 154 के तहत मामला दर्ज करवाया गया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने हरियाणा और दिल्ली की जनता में पैनिक फैलाने का काम किया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल कहते हैं कि यमुना में हरियाणा सरकार ने जहर मिलाया है, जबकि प्रधानमंत्री भी कहते हैं कि वो यमुना का पानी पीते हैं। राष्ट्रपति भी इस पानी को पीती हैं तो क्या हरियाणा सरकार जहरीला पानी देगी? केजरीवाल गैर-जिम्मेदाराना बयान दिया है। हरियाणा की सरकार उन्हें नहीं बख्शेगी. उन्होंने कहा कि केजरीवाल के आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के लोगों को पीने के लिए पानी हरियाणा और उत्तर प्रदेश से मिलता है। यमुना में हरियाणा से पानी दिल्ली में आता है लेकिन हरियाणा की भाजपा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला कर दिया है। हालांकि दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियरों ने उस पानी को दिल्ली में आने से रोक दिया है। बॉर्डर पर ही उसे रोक दिया गया। अगर वो पानी दिल्ली आ जाता और पीने के पानी में मिल जाता तो ना जाने कितने लोगों की मौत हो जाती, नरसंहार हो जाता।
वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने भी सोमवार को आरोप लगाया था कि भाजपा दिल्ली की पानी की आपूर्ति को “जानबूझकर बाधित” कर रही है क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी में 5 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनावों में भगवा पार्टी को “ऐतिहासिक हार” का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को प्यासा मारने से बड़ा पाप नहीं होता। अपनी गंदी राजनीति के लिए बीजेपी दिल्ली वालों को प्यासा मारना चाहती है। हरियाणा से बीजेपी वाले पानी में जहर मिलाकर दिल्ली भेज रहे हैं। अगर ये पानी दिल्ली वालों ने पी लिया तो कई लोग मर जाएँगे।