होम / Chandrayaan 3 Updates : प्रोपल्शन मॉड्यूल लैंडर और रोवर से अलग

Chandrayaan 3 Updates : प्रोपल्शन मॉड्यूल लैंडर और रोवर से अलग

• LAST UPDATED : August 17, 2023

India News, इंडिया न्यूज़, Chandrayaan 3 Updates, बेंगलुरु : इसरो ने आज चंद्रयान-3 के प्रोपल्शन मॉड्यूल को लैंडर और रोवर से अलग किया। यह प्रोपल्शन मॉड्यूल चंद्रमा की कक्षा में पहुंचकर धरती से आने वाले रेडिएशन्स का अध्ययन करेगा, वहीं लैंडर-रोवर 23 अगस्त की शाम 5.47 बजे चंद्रमा की सतह पर उतरेंगे। ये 14 दिनों तक पानी की खोज सहित अन्य प्रयोग करेंगे।

चंद्रमा की 153 किलोमीटर x 163 किलोमीटर की कक्षा में चंद्रयान-3 स्थापित

राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी ने ट्वीट किया, ‘‘आज की सफल प्रक्रिया संक्षिप्त अवधि के लिए आवश्यक थी। इसके तहत चंद्रमा की 153 किलोमीटर x 163 किलोमीटर की कक्षा में चंद्रयान-3 स्थापित हो गया, जिसका हमने अनुमान किया था। इसके साथ ही चंद्रमा की सीमा में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी हो गई। अब प्रणोदन मॉड्यूल और लैंडर अलग होने के लिए तैयार हैं।’’ इसरो ने कहा कि 17 अगस्त को चंद्रयान-3 के प्रणोदन मॉड्यूल से लैंडर मॉड्यूल को अलग करने की योजना है।

चंद्रयान लगातार आगे बढ़ रहा

14 जुलाई को प्रक्षेपण के बाद चंद्रयान-3 ने पांच अगस्त को चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश किया, जिसके बाद इसने छह, नौ और 14 अगस्त को चंद्रमा की अगली कक्षाओं में प्रवेश किया तथा उसके और निकट पहुंचता गया। चंद्रयान-3 को चंद्रमा के ध्रुवों पर स्थापित करने का अभियान आगे बढ़ रहा है। इसरो चंद्रयान-3 को चंद्रमा की कक्षा में पहुंचाने का प्रयास कर रहा है और चंद्रमा से उसकी दूरी धीरे-धीरे कम होती जा रही है। चंद्रयान-3 के 23 अगस्त को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर सॉफ्ट लैंडिंग करने की उम्मीद है।

इसरो के सूत्रों ने बताया कि अलग होने के बाद लैंडर को एक कक्षा में स्थापित करने के लिए ‘‘डीबूस्ट’’ (धीमा करने की प्रक्रिया) से गुजरने की उम्मीद है, जहां पेरिल्यून (चंद्रमा से निकटतम बिंदु) 30 किलोमीटर और अपोल्यून (चंद्रमा से सबसे दूर का बिंदु) 100 किलोमीटर दूर है। यहीं से 23 अगस्त को यान की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर सॉफ्ट लैंडिंग का प्रयास किया जाएगा।

इसरो के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने हाल में कहा था कि लैंडिंग का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा लैंडर के वेग को 30 किलोमीटर की ऊंचाई से अंतिम लैंडिंग तक लाने की प्रक्रिया है और यान को क्षैतिज से ऊर्ध्वाधर दिशा में स्थानांतरित करने की क्षमता वह ‘‘प्रक्रिया है जहां हमें अपनी काबिलियत दिखानी होगी’’।

यह भी पढ़ें : Odisha Visit Nirmala Sitharaman : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जगन्नाथ मंदिर में की पूजा अर्चना

यह भी पढ़ें : Himachal Rains Live Updates : मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 57, सभी स्कूल-कॉलेज बंद

Tags:

mail logo

Subscribe to receive the day's headlines from India News straight in your inbox