होम / Late Bishambar Singh Pahalwan: जन्मदिवस पर स्वर्गीय बिशंम्बर सिंह पहलवान को पूरा देश कर रहा नमन

Late Bishambar Singh Pahalwan: जन्मदिवस पर स्वर्गीय बिशंम्बर सिंह पहलवान को पूरा देश कर रहा नमन

• LAST UPDATED : June 4, 2023

India News (इंडिया न्यूज), Late Bishambar Singh Pahalwan, नई दिल्ली: भारतीय रेलवे के प्रथम रजत पदक विजेता ओलंपियन पहलवान, अर्जुन और यश भारती अवार्ड से सम्मानित स्वर्गीय बिशंम्बर सिंह पहलवान का आज जन्म दिवस है। देश के कोने-कोने में कुश्ती के क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उनका जन्म दिवस धूमधाम से मनाया और उनके द्वारा कुश्ती के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की। कई लोगों ने स्वर्गीय बिशंम्बर के चित्र पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।

1967 में वर्ल्ड चैंपियनशिप में प्रथम रजत पदक विजेता बने

बिशंम्बर सिंह पहलवान 1967 में हुई कुश्ती की वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत के प्रथम रजत पदक विजेता बने थे। उन्होंने 1964 के टोक्यो और 1968 के मेक्सिको ओलंपिक खेलों के कुश्ती मुकाबलों में भी भागीदारी पेश करके विपक्षी पहलवानों के साथ अपना लोहा मनवाया था।

बुलंदशहर में  किसान परिवार में हुआ था जन्म

बिशंम्बर सिंह का जन्म उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर स्थित ग्राम सभा-बईपुर में किसान परिवार स्वर्गीय मुंशी सिंह के घर पर हुआ था। साधारण (किसान) परिवार में जन्मे बिशंम्बर सिंह ने अपनी मेहनत, संघर्ष और कुश्ती की कला के माध्यम से केवल प्रदेश व देश में ही नहीं विदेशों में भी भारत का परचम फहराया।

बुलंदशहर में बिशंम्बर सिंह के नाम से रोड भी बनवाया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव ने बुलंदशहर में बिशंम्बर सिंह के नाम से एक रोड भी बनवाया था। वह भारतीय रेलवे के प्रथम अर्जुन अवार्डी पहलवान थे। उनके द्वारा भारतीय पहलवानों के लिए किए कार्यों को हमेशा सराहा और याद किया जाएगा। बिशंम्बर सिंह पहलवान कुश्ती को अपना सब कुछ समझते थे और इस भारत के लाल ने भारतीय कुश्ती को मजबूत और प्रखर बनाने के लिए जीवन भर संघर्ष किया, इसलिए ही आज उनके जन्मदिन पर उन्हें पूरे देश भर में याद किया जा रहा है। भारतीय कुश्ती समाज व भारतीय-शैली कुश्ती महासंघ, ऐसी महान शख्सियत को नमन कर रहा है।

Tags: