होम / हिमाचल में बड़ा हादसा, बच्चों सहित 16 लोगों की मौत

हिमाचल में बड़ा हादसा, बच्चों सहित 16 लोगों की मौत

• LAST UPDATED : July 4, 2022

इंडिया न्यूज, Himachal News: हिमाचल के जिला कुल्लू में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 16 लोगों की जान चली गई। वहीं जैसे ही हादसा हुआ तो मौका स्थल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया गया है।

बस 200 मीटर नीचे खाई में जा गिरी

जानकारी के अनुसार सोमवार को सुबह जिला कुल्लू के सैंज के शैंशर में एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस जांगला गांव से करीब 200 मीटर दूर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी जिस कारण हादसे में बच्चों सहित 16 लोगों की मौत हो गई। इनमें एक छात्रा भी शामिल है। वहीं तीन लोग घायल भी हुए हैं। घायलों में बस के चालक और परिचालक के अलावा एक यात्री भी शामिल है।

सुबह इतने बजे हुआ हादसा

जानकारी सामने आई है कि हादसा सोमवार की सुबह करीब 8.45 बजे हुआ। अभी भी शव बस के अंदर फंसे बताए गए हैं। उपायुक्त कुल्लू का कहना है कि हादसे में 15 लोगों की मौत हुई है वहीं 3 जख्मी हुए हैं। फिलहाल बचाव अभियान जारी है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दुख व्यक्त किया, परिजनोंं को दिए जाएंगे 2-2 लाख रुपये 

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज प्रातः कुल्लू जिले की सैंज घाटी के शैंसर के निकट हुई दुखद बस दुर्घटना पर गहरा दुःख प्रकट किया है। इस हादसे में 16 लोगों की मृत्यु और अन्य यात्री घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पी.एम.एन.आर.एफ.) से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

दुख की इस घड़ी में पूरा देश शोकाकुल परिजनों के साथ : मुख्यमंत्री मनोहर लाल

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू की सैंज घाटी में हुए सड़क हादसे पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा कि कई लोगों की दुखदः मृत्यु के समाचार से मन विचलित हो उठा। दुख की इस घड़ी में पूरा देश शोकाकुल परिजनों के साथ है। ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

Connect With Us: Twitter Facebook

Tags:

mail logo

Subscribe to receive the day's headlines from India News straight in your inbox