Panchkula Ravan Dahan : पंचकूला में धू-धूकर जला विश्व का सबसे ऊंचा रावण

86
Panchkula Ravan Dahan
पंचकुला रावण दहन
  • पंचकूला में जला 18 लाख रुपए का रावण का पुतला

  • 50 सेकंड में जलकर खाक हुआ देश का सबसे बड़ा 171 फुट का पुतला

India News (इंडिया न्यूज), Panchkula Ravan Dahan, चंडीगढ़ : शालीमार ग्राउंड सेक्टर-5 पंचकूला में देश का सबसे बड़ा 171 फुट का रावण 50 सेकेंड में जलकर खाक हो गया। इसे बनाने पर 18 लाख रुपए खर्च आए थे। बुराई पर अच्छाई के प्रतीक विजयदशमी पर्व को देखने के लिए शालीमार ग्राउंड में लगभग ढाई लाख से अधिक लोग पहुंचे थे। समारोह का आयोजन श्री माता मनसा देवी चैरिटेबल एवं डेवेलपमेंट ट्रस्ट दशहरा कमेटी और श्री आदर्श रामलीला ड्रामाटिक क्लब द्वारा किया गया था। समारोह में लोगों की उपस्थिति को संभालने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स लगाई गई थी।

समारोह में ज्ञानचंद गुप्ता मुख्य अतिथि रहे

मेला समारोह में वरिष्ठ संघ प्रचारक प्रेमजी गोयल के सानिध्य में आयोजित समारोह में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता मुख्य अतिथि रहे। श्री माता मनसा देवी चैरिटेबल एवं डेवेलपमेंट ट्रस्ट दशहरा कमेटी के मुख्य संरक्षक सतपाल गर्ग, अध्यक्ष विष्णु गोयल, प्रधान नवराज मित्तल जोनी और महासचिव संदीप गुप्ता ने ज्ञानचंद गुप्ता और महाराजा अग्रसेन वेलफेयर ट्रस्ट पंचकूला के अध्यक्ष जगमोहन गर्ग का स्वागत किया। समारोह में अति विशिष्ट अतिथि पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल, समाजसेवी सतपाल गर्ग रहे।

कन्हैया मित्तल ने भजनों से बांधा समां

महंत संपूणार्नंद ब्रह्मचारी और कीर्ति किशोरी जी विशेष तौर पर पहुंची। भजन सम्राट कन्हैया मित्तल ने जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे भजन गाकर माहौल में गर्मजोशी भर दी। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हमें भगवान श्री राम के दिखाए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है। उन्होंने आयोजकों को इस भव्य आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी।

ज्ञानचंद गुप्ता ने श्री माता मनसा देवी चैरिटेबल एवं डेवलपमेंट ट्रस्ट पंचकूला को 5 लाख रुपए, समाजसेवी जगमोहन गर्ग ने 5 लाख रुपए, सतपाल बंसल ने ढाई लाख रुपये, कन्हैया मित्तल ने 1 लाख एक हजार रुपए, हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव रंजीता मेहता ने एक लाख रुपये देने की घोषणा की।

रावण के पुतले को 25 कारीगरों ने किया था तैयार

इस रावण के पुतले को 25 कारीगरों ने बनाया था। रावण को बनाने में करीब 20 लाख का खर्चा आया था। इस पुतले को बनाने में करीब 25 क्विंटल लोहा, 500 बांस के टुकड़े, 3000 मीटर लंबा मैट, 3500 मीटर कपड़ा और 1 क्विंटल फाइबर से रावण का चेहरा तैयार किया था। इसके अंदर इको फ्रेंडली पटाखे लगाए थे, जोकि आकर्षण का केंद्र रहते हैं, इन्हें तमिलनाडु से मंगवाया था।

यह भी पढ़ें : Dussehra 2023 : राजनाथ सिंह ने दशहरा पर तवांग में शस्त्र पूजन किया, सैनिकों की अटूट प्रतिबद्धता की सराहना की