JP Nadda’s Panchkula Road Show On 10th May : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 10 मई को पंचकूला में करेंगे रोड शो : ज्ञानचंद गुप्ता

16
JP Nadda's Panchkula Road Show On 10th May
JP Nadda's Panchkula Road Show On 10th May : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 10 मई को पंचकूला में करेंगे रोड शो : ज्ञानचंद गुप्ता
  • 10 मई को होगा नड्डा का भव्य रोड शो, सीएम नायब सैनी भी रहेंगे मौजूद : ज्ञानचंद गुप्ता
  • रोड शो की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां
India News (इंडिया न्यूज़), हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने बुधवार को प्रेसवार्ता के दौरान जानकारी देते बताया कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 10 मई को पंचकूला आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि नड्डा सुबह 10 बजे भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया के समर्थन में एक भव्य रोड शो करेंगे। गुप्ता ने कहा कि रोड शो में मुख्यमंत्री नायब सैनी भी उपस्थित रहेंगे। नड्डा के आगमन को लेकर भाजपा के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। इस मौके पर प्रदेश मीडिया सह प्रमुख नवीन गर्ग, जिला महामंत्री वीरेंद्र राणा भी मौजूद रहे।

सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दे दी गई

पत्रकारों से बातचीत करते हुए ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि नड्डा का रोड शो पंचकूला के सेक्टर-7 डीसी मॉडल स्कूल से शुरू होगा और सेक्टर-7-8 की लाइट प्वाइंट तक रहेगा। इस रोड में हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस रोड से चुनावी अभियान को और गति मिलेगी। ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि रोड शो की तैयारियों के निमित्त आज मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठों व जिला के प्रमुख पदाधिकारियों और पार्षदों के साथ बैठक हुई। बैठक में रोड शो को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की। गुप्ता ने बताया कि सभी पदाधिकारियों को रोड शो के निमित्त जिम्मेदारियां दे दी गई है। उन्होंने कहा कि नड्डा का यह रोड शो विशाल होगा और कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा और नया जोश भरने का काम करेगा।

JP Nadda’s Panchkula Road Show On 10th May : हरियाणा में माहौल भाजपा के पक्ष में : गुप्ता

पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में माहौल भाजपा के पक्ष में है। मोदी सरकार द्वारा 10 सालों में किए गए कार्यों से जनता खुश है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 सालों में गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के उत्थान के लिए अनेकों योजनाएं बनाकर उनका लाभ पहुंचाया है। हरियाणा की जनता लोकसभा चुनाव में 11 कमल खिलाएगी। कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता जनार्दन के आशीर्वाद से भाजपा की प्रत्याशी बंतो कटारिया अंबाला लोकसभा से प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेंगी।