CM Nayab Singh Saini : शिक्षा नहीं, शराब बनी आम आदमी पार्टी की पहचान : मुख्यमंत्री नायब सैनी

51
CM Nayab Singh Saini
CM Nayab Singh Saini : शिक्षा नहीं, शराब बनी आम आदमी पार्टी की पहचान : मुख्यमंत्री नायब सैनी
  • सोनिया गांधी की ईडी से जांच करवा जेल भिजवाने की मांग करने वाले आज उनसे ही गले मिल रहे
India News (इंडिया न्यूज़), CM Nayab Singh Saini : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की पहचान आज शिक्षा नहीं शराब बन गई है। वे अच्छे स्कूल, स्वास्थ्य और ईमानदारी की बात करते हुए कहते थे कि गाड़ी-बंगला नहीं लेंगे, लेकिन आज उनके पास शीशमहल है। जो लोग यह कहते थे कि अगर सोनिया गांधी की ईडी से जांच करवा दी जाए तो वह जेल में होगी, वे ही आज उनसे ही गले मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह लोग कुरुक्षेत्र में आकर नशा बंद करने की बात करते हैं, जबकि दिल्ली में इन लोगों ने शराब की दुकानों को बढ़ाने का काम किया है और गली-गली शराब की दुकान खोल दी। यही नहीं महिलाओं के लिए शराब की स्पेशल दुकान खोलने का काम भी इन लोगों ने किया।

CM Nayab Singh Saini : नवीन जिन्दल 5 लाख से अधिक वोटों से जीत दर्ज करेंगे

कुरुक्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार नवीन जिन्दल द्वारा नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद आयोजित एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र के मैदान से कांग्रेस और उसकी सहयोगी आम आदमी पार्टी को खुली चेतावनी दी और कहा कि यहां से नवीन जिन्दल 5 लाख से अधिक वोटों से जीत दर्ज करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सैनी के मंच पर पहुंचते ही लोगों ने जय श्रीराम के नारे लगाने शुरू कर दिये। मंच पर मुख्यमंत्री का स्वागत हनुमानजी का गदा देकर किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हर जगह एक ही बात की चर्चा है कि 10 साल में नरेंद्र मोदी ने बहुत कार्य किया है।

कांग्रेस झूठ बोलकर लोगों का वोट लेना चाहती है

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस आज झूठ बोलकर लोगों का वोट हासिल करना चाहती है। कांग्रेस ने महिलाओं को एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि देश का बजट 46 लाख करोड़ रुपये का है और कांग्रेस की इसी घोषणा पर 50 लाख करोड़ रुपए खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि वह अपनी इस घोषणा को कैसे पूरा करेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस को अपने पिछले 60 साल का भी हिसाब देना चाहिए कि उसने इस दौरान कितनी घोषणाएं की और उनमें से कितनी घोषणाएं पूरी हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए जितना काम नरेंद्र मोदी ने किया है पहले किसी भी सरकार ने नहीं किया।

कैथल और कुरुक्षेत्र में खोलेंगे दो विश्व स्तरीय कौशल विकास केंद्र : नवीन जिंदल

कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार नवीन जिंदल ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को ऋषि तुल्य बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने शासनकाल में बहुत काम किया। नवीन जिन्दल ने आज हजारों लोगों की उपस्थिति में ऐलान किया कि वह सांसद चुने जाने के तुरंत बाद कुरुक्षेत्र और कैथल में एक-एक विश्व स्तरीय कौशल विकास केंद्र खोलने का काम करेंगे, जिसमें हर साल 10000 युवाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी। इनमें जापान, जर्मनी, अमेरिका आदि देशों से कंपनियों के लोग आएंगे और वे इंटरव्यू लेकर बच्चों का चयन करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को जहां अपना कौशल निखारने में मदद मिलेगी वहीं उन्हें विदेश जाने के लिए डोंकी मार्ग का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। नवीन जिन्दल ने केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आज लोगों का विश्वास नरेंद्र मोदी में और उनकी गारंटी में है। प्रधानमंत्री ने 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। यह अपने आप में एक बहुत बड़ी बात है।

मैं कुरुक्षेत्र की बहू, बाहर वालों को बाहर का रास्ता दिखाएं : शालू जिन्दल

बाल भवन की पूर्व चेयरपर्सन शालू जिन्दल ने नवीन जिन्दल को कुरुक्षेत्र का बेटा और स्वयं को कुरुक्षेत्र की बहू बताते हुए कहा कि वो जो सिर्फ चुनाव लड़ने के लिए कुरुक्षेत्र आ गए हैं, उन बाहर वालों को बाहर का रास्ता दिखाएं। नवीन अजनबी नहीं हैं, कुरुक्षेत्र की जनता ने उन्हें देखा-परखा है और हमारा पूरा परिवार पीढ़ियों से लोगों की सेवा में समर्पित रहा है, इसलिए 25 मई को अपना वोट रूपी आशीर्वाद देकर नवीन जिन्दल को विजयी बनाएं। हम नए भारत की कहानी लिखने की कोशिश में नए कुरुक्षेत्र की कहानी लिखना चाहते हैं। हमारे-आपके बीच एक विश्वास का धागा है, जिसके माध्यम से हम कुरुक्षेत्र के महान इतिहास को एक उज्ज्वल भविष्य से जोड़ना चाहते हैं। उन्होंने सीबीएसई स्कूल खोलने और 10वीं व 12वीं कक्षा की छात्राओं को यशस्वी योजना का लाभ देने की घोषणा की, जिसमें शिक्षा शुल्क का वहन किया जाता है।