Haryana Toll Plaza : प्रदेश में 6 टोल प्लाजा होंगे बंद, देखें ये होंगे प्लाजा बंद

121
Haryana Toll Plaza
हरियाणा टोल प्लाजा
  • सरकार के इस फैसले से हर साल 13 करोड़ रुपए राजस्व का होगा नुकसान

India News (इंडिया न्यूज), Haryana Toll Plaza, चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सरकार के 9 साल पूरे होने पर कई घोषणाएं की हैं और इन्हीं घोषणाओं में एक घोषणा हैं टोल प्लाजा की। जी हां, पीडब्ल्यूडी के 6 टोल बैरियर बंद कर दिए जाएंगे। सीएम ने बताया कि 1 नवंबर से वसीरपुर, टटियाना और गुर्जरवास पीडब्ल्यूडी टोल टैक्स बैरियर बंद होंगे। इसके अलावा 10 नवंबर को संगतपुरा का टोल बैरियर बंद हो जाएगा।

इसके अतिरिक्त 1 दिसंबर को असगरपुर और फिरोजपुर टोल बैरियर बंद कर दिए जाएंगे। अब यहां से आने जाने वाले लोगों से किसी प्रकार का पैसा नहीं लिया जाएगा। सीएम ने बताया कि सरकार के इस फैसले से हर साल 13 करोड़ रुपए राजस्व का नुकसान होगा।

मनोहर सरकार की उपलब्धियां

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में आज से 9 वर्ष पहले व्यवस्था परिवर्तन कर प्रदेश के समावेशी विकास की जो परिकल्पना की गई थी, आज उसके बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं। विगत 9 सालों का कार्यकाल व्यवस्था परिवर्तन, सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास, संवेदनशील व पारदर्शी प्रशासन और अंत्योदय उत्थान का साक्षी रहा है। मुख्यमंत्री  मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ने ऐसी व्यवस्था कायम की है, जिसने भ्रष्टाचार पर प्रहार किया है। भाई-भतीजावाद व क्षेत्रवाद को खत्म कर प्रदेश का एक समान विकास किया है।

आज हरियाणा के विकास की दशा व दिशा पूरी तरह बदल गई है। आज प्रदेश के खेतों में अनाज की भरपूर पैदावार हो रही, किसान खुशहाल है, उद्योग का पहिया तेजी से घूम रहा है, विश्व स्तर का इन्फ्रास्ट्रक्चर, गरीब से गरीब व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है और युवा स्वाभिमानी एवं स्वावलंबी बन रहे हैं। प्रदेश सरकार के आज 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री मनोहर लाल यहां प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर स्कूल शिक्षा मंत्री कंवर पाल भी उपस्थित रहे।

पिछली सरकारों में था निराशा का माहौल

9 वर्ष की उपलब्धियां साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 अक्तूबर, 2014 को प्रदेश के शासन की बागडोर जब पहली बार सम्भाली थी तो उस प्रदेश में निराशा, अविश्वास, कुण्ठा, अवसाद और आक्रोश का माहौल था। भाई-भतीजावाद, क्षेत्रवाद का बोलबाला था। भ्रष्टाचार का नासूर प्रशासन के हर स्तर पर फैला हुआ था। आज यह कहते हुए गर्व है कि आज परिस्थितियां एकदम बदली हुई हैं। हमने नेक नीयत और बुलंद इरादों के साथ जनता के अविश्वास को विश्वास में बदला है। निराशा को आशा में बदला है। व्यवस्था परिवर्तन का काम किया है। जन-आकांक्षाएं फलीभूत हो रही हैं और एक नया हरियाणा बना है।

मनोहर लाल ने कहा कि हमने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन में सुधार लाने के विजन व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन से प्रेरित होकर सामाजिक न्याय से संपूर्ण विकास की अवधारणा पर चलते हुए प्रदेश में समाज कल्याण के एक नए युग का सूत्रपात किया है। आज हमारे सुधार के संकल्प के परिणाम आ रहे हैं। अब सरकारी सेवाओं व योजनाओं के लाभ घर बैठे मिलने लगे हैं।

यह भी पढ़ें : Hooda Taunt on BJP-JJP Achievements : हुड्डा बोले- प्रदेश को विकास के अर्श से बर्बादी के पाताल तक पहुंचाना भाजपा-जजपा की उपलब्धि

यह भी पढ़ें : Achievements of BJP : प्रदेश में भाजपा के 9 साल पूरे होने पर मनोहर लाल ने गिनाई उपलब्धियां

यह भी पढ़ें : Qatar Indian Navy Officers News : कतर में 8 पूर्व भारतीय नौसेना कर्मियों को फांसी की सजा सुनाई